चार साल से जस का तस पड़ा अतिक्रमण का मलबा, नामांकित पार्षद सुमित शर्मा ने सीएमओ से मांगी तत्काल कार्रवाई

सक्ती। नगर पालिका परिषद सक्ती के वार्ड क्रमांक 6 में चार वर्ष पूर्व हटाए गए अतिक्रमण का मलबा आज भी मौके पर पड़ा हुआ है। वहीं, पुराने पशु चिकित्सालय भवन की जर्जर स्थिति और बरसात के कारण जलभराव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जनहित के इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए एल्डरमैन (नामांकित पार्षद) सुमित शर्मा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रह्लाद पाण्डेय को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सुमित शर्मा ने अपने आवेदन में कहा है कि वार्ड क्रमांक 6 स्थित पुराने पशु चिकित्सालय का भवन पूरी तरह जर्जर और कंडम हो चुका है। भवन की दीवारें और ढांचा लगातार कमजोर होते जा रहे हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि आसपास बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है और समय रहते भवन को डिस्मेंटल नहीं किया गया तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान भवन परिसर और आसपास के खाली स्थानों में पानी भर जाता है। जलभराव और गंदगी के कारण सांप, बिच्छू सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। वहीं, भवन से लगी नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने से जल निकासी भी प्रभावित हो रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बुधवारी बाजार क्षेत्र में लगभग चार वर्ष पहले अतिक्रमण हटाने के दौरान निकाला गया मलबा आज तक नहीं हटाया गया है। वर्षों से खुले में पड़ा यह मलबे से न केवल क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित हो रही है, बल्कि राहगीरों और दुकानदारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
एल्डरमैन सुमित शर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जर्जर भवन, वर्षों से पड़ा मलबा और बरसात के मौसम में जलभराव जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि पुराने पशु चिकित्सालय भवन को शीघ्र डिस्मेंटल कराया जाए, अतिक्रमण का वर्षों पुराना मलबा हटाया जाए, नालियों की सफाई कराई जाए तथा पूरे क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को संभावित हादसों और बीमारियों के खतरे से राहत दिलाई जाए।



