सक्तीसक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती में जिला संयोजक पद के लिए 1 नवंबर को होगा निर्वाचन, प्रांतीय पर्यवेक्षक दल की मौजूदगी में पूरी होगी चुनावी प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शक्ति के जिला संयोजक पद का चुनाव जनपद पंचायत सभाकक्ष में दोपहर 1 बजे से होगा, प्रदेश के सात वरिष्ठ कर्मचारी नेता रहेंगे मौजूद

सक्ती। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शक्ति में जिला संयोजक पद के निर्वाचन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 1 नवंबर 2026, रविवार को जिला संयोजक पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। निर्वाचन कार्यालय जनपद पंचायत शक्ति के सभा कक्ष में दोपहर 1 बजे से संपन्न होगा।

इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश स्तर से सात सदस्यीय प्रांतीय पर्यवेक्षक दल की उपस्थिति निर्धारित की गई है। पर्यवेक्षक दल में प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा (छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ), रोहित तिवारी (प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ), भगवत कश्यप (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ), लेलुन भारद्वाज (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ), सत्येन्द्र देवांगन (प्रदेश अध्यक्ष, अपाक्स संघ), सुनील कुमार कौशिक (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक संघ) एवं रविन्द्र राठौर (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षा फेडरेशन) शामिल रहेंगे।

जिला अध्यक्षों को ही मिलेगा निर्वाचन में भाग लेने का अवसर

फेडरेशन द्वारा जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया में केवल फेडरेशन से संबद्ध कर्मचारी संगठनों के जिला अध्यक्ष ही भाग ले सकेंगे। अन्य किसी व्यक्ति को निर्वाचन में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में सभी संबंधित संगठनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

एकता और संगठनात्मक मजबूती का होगा प्रदर्शन

जिला संयोजक पद का यह निर्वाचन कर्मचारी संगठनों के बीच समन्वय, एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोजकों ने सभी जागरूक कर्मचारी साथियों से अपील की है कि वे आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता एवं संगठन की गरिमा का परिचय दें।

निर्वाचन कार्यक्रम जिला शक्ति के चुनाव कार्यक्रम अधिकारी रमेश तिवारी की ओर से जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button