गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल भांटा में रंगोली प्रतियोगिता का हुआ शानदार आयोजन, बच्चों की कला ने मोहा सभी का मन

अरुण निराला संवाददाता, सक्ती/फगुरम (भांटा) – आज दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल भांटा में रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सृजनशीलता, कल्पनाशीलता एवं रंगों के प्रति लगाव का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय कला संस्कृति के प्रति रुचि जागृत करना, टीमवर्क एवं सौंदर्यबोध का विकास करना था। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न विषयों पर रंगोली बनाकर अपनी कला से सबका मन मोह लिया — किसी ने प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया तो किसी ने “स्वच्छ भारत” और “नारी शक्ति” जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
विद्यालय के संचालक उतरा जायसवाल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। शिक्षिकाओं ने कहा कि बच्चों ने रंगोली के माध्यम से जो सामाजिक संदेश दिए हैं, वे वास्तव में प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने की घोषणा की गई और सभी प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता का यह आयोजन विद्यालय परिसर में उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकगण एवं स्थानीयजन भी उपस्थित रहे।




