जिले में पहली बार जटिल हिप रिप्लेसमेंट सफल, स्पर्श हॉस्पिटल सक्ती ने सफलतापूर्वक किया इलाज

सक्ती। चिकित्सा के क्षेत्र में सक्ती जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बाराद्वार रोड स्थित स्पर्श हॉस्पिटल में वरिष्ठ आर्थोपेडिक एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ कुमार और उनकी टीम ने जिले में पहली बार गंभीर हिप फ्रैक्चर के मरीज का सफल हिप रिप्लेसमेंट ऑपरेशन किया है। 50 वर्षीय महिला मरीज नीरा बाई घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गई थीं। हादसे में उनके कूल्हे की हड्डी गंभीर रूप से टूट गई थी। तेज दर्द के कारण उनका चलना-फिरना पूरी तरह बंद हो गया था। परिजन उन्हें उपचार के लिए स्पर्श हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने जांच के बाद आर्थ्रोप्लास्टी (हिप रिप्लेसमेंट) करने का निर्णय लिया। अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से टूटी हुई हड्डी को बदलकर सफलतापूर्वक जॉइंट रिप्लेसमेंट किया गया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज अब तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
अब बड़े इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं :-
इस सफलता के बाद सक्ती और आसपास के मरीजों को जटिल हड्डी एवं जोड़ संबंधी उपचार के लिए बिलासपुर, रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। स्पर्श हॉस्पिटल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से जटिल आर्थोपेडिक सर्जरी स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही है। सफल ऑपरेशन पर मरीज के परिजनों ने डॉ. सिद्धार्थ कुमार, डॉ. यामीन अब्दुल्ला, डॉ. रूपनारायण साहू, प्रदीप राठौर सहित स्पर्श हॉस्पिटल की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।




