भूमिगत हुए शूटर, पुलिस की रडार पर कई संदिग्ध, जोंगरा हत्याकांड में जांच तेज, आधा दर्जन से अधिक टीमें जुटीं; तकनीकी साक्ष्यों के सहारे आरोपियों तक पहुंचने की कवायद

सक्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में 28 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस अब खुलासे के बेहद करीब पहुंचने का दावा कर रही है। वारदात के बाद से लगातार चल रही जांच में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि शनिवार शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
सुनियोजित वारदात, हर गतिविधि की हो रही पड़ताल
जांच में सामने आया है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने हर्बल लाइफ की दवा खरीदने का बहाना बनाकर पूर्णिमा को घर से बाहर बुलाया और कुछ ही सेकंड में तीन गोलियां मारकर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले रेकी की थी और उन्हें मृतका की दिनचर्या तथा उसके व्यवसाय की पूरी जानकारी थी। इसी कारण जांच टीम मृतका के निजी, सामाजिक और व्यावसायिक संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है।
तकनीकी साक्ष्यों से जोड़ रही कड़ियां
पुलिस की जांच अब तकनीकी साक्ष्यों पर केंद्रित है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन, संदिग्ध नंबरों और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले और बाद में आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे।
अलग-अलग टीमों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से अधिक पुलिस टीमें गठित की गई हैं। किसी टीम को तकनीकी जांच की जिम्मेदारी दी गई है तो कुछ टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं कुछ अधिकारी मृतका के परिचितों और संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी बोले— जल्द गिरफ्तारी होगी
सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि, “पुलिस आरोपियों को पकड़ने की हर संभव कोशिश कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक टीमें लगातार काम कर रही हैं। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। हमें महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उम्मीद है कि शीघ्र ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
पूरे जिले की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। मृतका के परिजन न्याय की आस लगाए बैठे हैं, वहीं ग्रामीण भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जिलेभर में इस हत्याकांड की चर्चा है और सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच निर्णायक चरण में है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।




