सक्ती जिला

ढाबे की आड़ में चल रहा था अवैध शराब कारोबार, आबकारी उड़नदस्ता की दबिश में 15.29 लीटर शराब जब्त

अरुण कुमार निराला/सक्ती। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छोटे सीपत में एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देसी एवं विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई, जिसके बाद उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर सक्ती एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु आबकारी उड़नदस्ता लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 4 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मालखरौदा अंतर्गत ग्राम छोटे सीपत निवासी बुदेश्वर प्रसाद सोनी अपने होटल एवं मकान से ग्राहकों को अवैध रूप से शराब बेच रहा है।


सूचना मिलते ही आबकारी उड़नदस्ता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके होटल सह मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोई में रखे एक सफेद कपड़े के थैले से विभिन्न ब्रांड की देसी एवं विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त सामग्री में 40 नग देसी प्लेन पाव, 13 नग ग्रीन लेबल पाव, 7 नग मेड ऑफ पाव, 3 नग सिंबा वाइल्ड बीयर, 4 नग थंडर बोल्ट बीयर कैन तथा 3 नग 20-20 व्हिस्की पाव शामिल हैं। कुल मिलाकर 15.29 लीटर शराब जब्त की गई।


आरोपी के पास उक्त शराब रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई आबकारी उड़नदस्ता सक्ती प्रभारी विजय तंबोली के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल तथा आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। अभियान में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा एवं आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, बसंती चौधरी और कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button