महतारी सदन की स्वीकृति पर सियासत गरमाई: दस्तावेजों ने खोली दावों की पोल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा की पहल से मिली मंजूरी

सक्ती। ग्राम पंचायत जेठा एवं ग्राम पंचायत अचनाकपुर में महतारी सदन निर्माण को लेकर अब राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। भाजपा सक्ती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा द्वारा क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकता को देखते हुए महतारी सदन निर्माण की मांग को लेकर माननीय उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा को आवेदन सौंपा गया था। इस आवेदन पर उपमुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई करते हुए शासन स्तर से दोनों ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
आवेदन से स्वीकृति तक—दस्तावेजों में दर्ज है पूरी कहानी :-
महतारी सदन निर्माण की मांग को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने पहल करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। शासन स्तर पर इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। अब इसी विकास कार्य का श्रेय लेने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता के विकास से जुड़े कार्यों का श्रेय लेने से पहले संबंधित दस्तावेजों को देख लेना चाहिए। आवेदन किसने दिया, पहल किसने की और शासन से स्वीकृति किस प्रक्रिया के तहत मिली—इन सभी सवालों का जवाब दस्तावेजों में स्पष्ट रूप से दर्ज है।
‘श्रेय नहीं, क्षेत्र का विकास हमारा उद्देश्य’ :-
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी विकास कार्य का श्रेय लेना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं को शासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में राजनीति नहीं, परिणाम महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है कि जनहित के मुद्दे को शासन तक पहुंचाने के लिए पहल किसने की और स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास किस स्तर पर किए गए। दस्तावेज स्वयं सच्चाई बयां कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का जताया आभार :-
महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। ग्राम पंचायत जेठा एवं अचनाकपुर में महतारी सदन का निर्माण होने से ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए आगे भी इसी तरह निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


