नगर पंचायत बम्हनीडीह में संपन्न हुए चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, 92.57 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

अरूण कुमार निराला। जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बम्हनीडीह में सोमवार को संपन्न हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई। शाम 5 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, नगर पंचायत के 15 वार्डों में कुल 92.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नगर पंचायत बम्हनीडीह में कुल 4 हजार 390 मतदाता हैं, जिनमें 2 हजार 236 पुरुष और 2 हजार 154 महिला मतदाता शामिल हैं। इनमें से 4 हजार 64 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 91.73 प्रतिशत जबकि, महिलाओं का मतदान प्रतिशत 93.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया संपन्न होने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत बम्हनीडीह में महिलाओं ने पुरुषों की अपेक्षा अधिक मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता और भागीदारी का परिचय दिया। 90 प्रतिशत से अधिक मतदान ने यह संकेत दिया है कि स्थानीय चुनाव को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
वार्ड क्रमांक 12 में सर्वाधिक मतदान
नगर पंचायत बम्हनीडीह के वार्ड क्रमांक 12 में सबसे अधिक 97.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 8 में 96.74 प्रतिशत और वार्ड क्रमांक 11 में 95.09 प्रतिशत मतदान हुआ, जो नगर के सर्वाधिक मतदान वाले वार्डों में शामिल रहे।
वार्ड क्रमांक 1 में सबसे कम मतदान
नगर पंचायत बम्हनीडीह के वार्ड क्रमांक 1 में 88.82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो नगर पंचायत में सबसे कम रहा। इसके बावजूद यह प्रतिशत सामान्य चुनावों की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है।




