सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती में अटल प्रीमियर लीग का ऐतिहासिक आगाज, अटल जी के विचारों को समर्पित खेल महोत्सव से दूधिया रोशनी में नहा उठा बाजार ग्राउंड

सक्ती। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, सुशासन की परिकल्पना और युवा सशक्तिकरण की भावना को समर्पित अटल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सुशासन दिवस के अवसर पर सक्ती में किया गया। बाजार ग्राउंड स्थित पं. दीनदयाल स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता ने पहले ही दिन हजारों क्रिकेट प्रेमियों को आकर्षित कर नगर को उत्सवमय माहौल में बदल दिया। दूधिया रोशनी से जगमगाता स्टेडियम देर रात तक दर्शकों से खचाखच भरा रहा।


प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ जांजगीर–चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू सहित भाजपा नेताओं की गरिमामय उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया।


अटल जी के विचारों को आगे बढ़ाने का मंच
वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि खेल और युवाओं के प्रबल समर्थक थे। उनका मानना था कि खेल अनुशासन, समरसता और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। अटल प्रीमियर लीग जैसे आयोजन उनके उसी दृष्टिकोण को जमीन पर उतारने का सशक्त माध्यम हैं।


सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संवाद और सहमति की राजनीति का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ सक्ती को खेलों की पहचान दिला रही है।


भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने अटल जी को मर्यादित राजनीति और सुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से समाज में अनुशासन और एकता मजबूत होती है। भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने कहा कि अटल प्रीमियर लीग युवाओं की प्रतिभा को मंच देने का प्रभावी प्रयास है। पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू ने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।


सद्भावना मैच में अधिकारियों की जीत


प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर आयोजित पहले सद्भावना मैच में अधिकारियों की टीम ने मोदी इलेवन को रोमांचक मुकाबले में पराजित कर जीत दर्ज की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय दिया, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। मैच के बाद एडिशनल एसपी हरीश यादव ने अटल प्रीमियर लीग के भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सद्भावना मैच प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच सकारात्मक संवाद और समन्वय को मजबूत करते हैं।


आयोजन ने रचा नया मानक –


आयोजन समिति के अभिषेक शर्मा एवं चिराग अग्रवाल ने बताया कि अटल जी के नाम से आयोजित इस प्रतियोगिता को भव्य, अनुशासित और दर्शक-अनुकूल बनाने के लिए महीनों की तैयारी की गई। बेहतर पिच, उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था, दर्शकों के लिए सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था और सुव्यवस्थित संचालन ने प्रतियोगिता को पेशेवर स्तर का स्वरूप दिया। अटल प्रीमियर लीग के शुभारंभ के साथ ही सक्ती एक बार फिर खेल, अनुशासन और उत्साह का केंद्र बन गया है। आगामी दिनों में होने वाले मुकाबलों को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष भरत यादव, मांगेराम अग्रवाल,आयुष शर्मा, भवानी तिवारी, दिलीप सराफ,  गजेंद्र राठौर मोनू , विजय जायसवाल, गेंद राम मनहर, पिंटू सिंघल, संजय रामचंद्र, अनुभव तिवारी, मनोज सिसोदिया, सुमित शर्मा, मानस अग्रवाल, अमन डालमिया, संजय अग्रवाल, लखन नामदेव, धनंजय नामदेव, आदित्य अग्रवाल राजा सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button