सक्ती जिला

ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 17 शराबी चालक पकड़े गए

जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सभी वाहन जब्त कर न्यायालय भेजे जाएंगे


अरुण कुमार निराला। जांजगीर-चांपा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले दो दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान 17 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर लिए गए हैं।


पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में शिवरीनारायण, अकलतरा, बम्हनीडीह, बिर्रा, चांपा, हाथनेवरा चौक तथा जांजगीर के पुटपुरा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।


यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा।


यातायात पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग दें।
“सुरक्षित सफर की पहली शर्त – नशे में कभी न करें ड्राइव”। 🚔🚦

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button