नेशनल पंचायत अवार्ड से सम्मानित होगी बंदोरा पंचायत, आज दिल्ली में मिलेगा राष्ट्रीय गौरव

अरुण कुमार निराला/मालखरौदा। सक्ती जिले की ग्राम पंचायत बंदोरा ने विकास, सुशासन और नवाचार के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए नेशनल पंचायत अवार्ड-2026 में स्थान प्राप्त किया है। पंचायत को आज नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान पंचायत के सरपंच नवधा राम वर्मा के नेतृत्व, पारदर्शी प्रशासन और जनहितकारी कार्यों की बदौलत मिला है।

ग्राम पंचायत बंदोरा ने ग्रामीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन का निर्माण कराया है। पंचायत भवन में एयर कंडीशन युक्त कार्यालय, आधुनिक मीटिंग हॉल, रोजगार सहायक कक्ष, आकर्षक फर्नीचर तथा सुव्यवस्थित कार्य प्रणाली की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
पंचायत ने केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यही कारण है कि बंदोरा पंचायत आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन का आधुनिक मॉडल बन चुका है, जिसे देखने के लिए अन्य क्षेत्रों से भी जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंच रहे हैं। पंचायत की उपलब्धि से पूरे सक्ती जिले में उत्साह का माहौल है।
नई दिल्ली में होने वाले सम्मान समारोह में जब बंदोरा पंचायत को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया जाएगा, तब यह उपलब्धि न केवल ग्राम पंचायत बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण होगी। यह सम्मान ग्रामीण विकास और सुशासन के क्षेत्र में बंदोरा पंचायत की उत्कृष्ट कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति माना जा रहा है।




