
अरुण की विस्फोटक पारी ने दिलाई एकतरफा जीत
फगुरम। ग्राम पंचायत सेरो में आयोजित सेरो प्रीमियम लीग-2026 के अंतर्गत रात्रिकालीन ग्रामीण स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन हुआ। हजारों क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी में खेले गए फाइनल मुकाबले में तौलीपाली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरवानी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया।फाइनल मुकाबले में सरवानी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में टीम ने 85 रन बनाकर तौलीपाली के सामने 86 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तौलीपाली की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
अरुण की तूफानी बल्लेबाजी बनी जीत की कुंजी
तौलीपाली की ओर से सलामी बल्लेबाज अरुण ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने सरवानी के गेंदबाज बेबस नजर आए। अरुण की शानदार पारी की बदौलत तौलीपाली ने मात्र 6 ओवर में लक्ष्य हासिल कर एकतरफा अंदाज में खिताब पर कब्जा जमा लिया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल के लिए मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विजेता टीमों को दिए गए आकर्षक पुरस्कार :-
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता की विजेता तौलीपाली टीम को ₹31 हजार नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता सरवानी टीम को ₹15 हजार नगद एवं ट्रॉफी दी गई। तृतीय स्थान प्राप्त डीसीसी डूमरभांटा को ₹7 हजार तथा चतुर्थ स्थान पर रही कलमी टीम को ₹3 हजार नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि मन्नू जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
समापन समारोह में ग्राम पंचायत सेरो की सरपंच सीमा एंथोनी, बोड़ासागर सरपंच विष्णुकांत जायसवाल, शिक्षक श्यामलाल वारे, अमरलाल लहरे, रामदर्शन, सनत जायसवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी और हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।