नगर पंचायत अध्यक्ष से लेकर किसान मोर्चा अध्यक्ष तक का सफर, अब सोनसाय देवांगन को मिली भाजपा जिला मंत्री की जिम्मेदारी

जैजैपुर। जैजैपुर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सोनसाय देवांगन को भारतीय जनता पार्टी सक्ती जिले का जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त, सोमवार की देर शाम सक्ती जिला भाजपा संगठन में नये पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें देवांगन को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। उनकी नियुक्ति के बाद जैजैपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
सोनसाय देवांगन लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। वे नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद पर अपनी सक्रियता और जनसेवा के लिए चर्चित रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जांजगीर-चांपा जिले के उपाध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा सक्ती जिले के अध्यक्ष और जैजैपुर विधानसभा संयोजक की भूमिका भी निभा चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए ही उन्हें जिला मंत्री का दायित्व सौंपा गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोनसाय देवांगन की नियुक्ति से न केवल भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का भी संचार होगा।
नवनियुक्त जिला मंत्री सोनसाय देवांगन ने अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा – “यह दायित्व मुझे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल एवं पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा समेत शीर्ष नेतृत्व की अनुशंसा पर मिला है। मैं सभी का हृदय से आभारी हूँ और संगठन द्वारा दिए गए भरोसे पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनौतियों का सामना करने और भाजपा की नीतियों को गांव-गांव तक पहुँचाने का आह्वान किया।




