भूमि बिक्री प्रतिवेदन में गड़बड़ी का आरोप: पटवारी पर ₹25 हजार लेने की शिकायत, कलेक्टर से जांच की मांग

राजस्व रिकॉर्ड सुधार के नाम पर वसूली का दावा, किसान ने सौंपा लिखित आवेदन
सक्ती। जिले के ग्राम करौवाडीह निवासी एक किसान ने हल्का पटवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए भूमि बिक्री प्रतिवेदन तैयार करने के नाम पर ₹25 हजार लेने तथा वास्तविक राजस्व अभिलेखों के विपरीत प्रतिवेदन तैयार करने की शिकायत कलेक्टर सक्ती से की है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत करौवाडीह, तहसील भोथिया, थाना जैजैपुर निवासी कमलेश कुमार टंडन ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया है कि उनकी पैतृक भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों में नाम संबंधी त्रुटि लंबे समय से दर्ज है। उक्त त्रुटि के सुधार के लिए उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था।
शिकायत में कहा गया है कि भूमि बिक्री प्रतिवेदन तैयार करने के लिए आवेदन हल्का पटवारी ज्ञान बाई टंडन को दिया गया था। आरोप है कि बी-1, खसरा, नामांतरण सहित अन्य राजस्व अभिलेखों का समुचित परीक्षण किए बिना ही प्रतिवेदन तैयार कर दिया गया, जो वास्तविक रिकॉर्ड और तथ्यों से मेल नहीं खाता।
कमलेश कुमार टंडन का आरोप है कि भूमि बिक्री प्रतिवेदन तैयार करने के नाम पर उनसे कथित रूप से ₹25 हजार की राशि ली गई। इसके बावजूद न तो उनकी समस्या का समाधान हुआ और न ही राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों का सुधार किया गया। वर्तमान में भूमि अभिलेखों में दर्ज गलतियां यथावत बनी हुई हैं।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित भूमि के सभी राजस्व अभिलेखों का पुनः परीक्षण करवाने तथा वास्तविक तथ्यों के आधार पर आवश्यक सुधार करने की मांग की है। साथ ही संबंधित पटवारी के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा कथित रूप से ली गई राशि वापस दिलाने की भी मांग की है।
फिलहाल मामला कलेक्टर कार्यालय पहुंच चुका है। आरोपों की सत्यता और पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।




