“समझाइश पर बरसी गोलियां: फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार”

अरुण कुमार निराला/सक्ती। कर्रापाली गांव में पारिवारिक विवाद के बीच समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर, एक देशी कट्टा तथा घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल रिवाल्वर राउंड का खाली कैस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कर्रापाली निवासी दिलेश्वर सिदार अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए अजय सिंह गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ कर्रापाली पहुंचे थे। समझाइश के बाद जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी गांव के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार अपने साथी सोमदेव सिदार के साथ मिला।

आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और इसी दौरान दिलेश्वर सिदार ने अपने पास रखे रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली सड़क पर लगी, जबकि शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद लोगों ने झुककर व पीछे हटकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर आरोपी का साथ देता रहा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलेश्वर सिदार (30 वर्ष) निवासी कर्रापाली एवं सोमदेव सिदार (31 वर्ष) निवासी पतेरापाली को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने दिलेश्वर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी रिवाल्वर तथा सोमदेव के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया। साथ ही घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल रिवाल्वर राउंड का खाली कैस भी जब्त किया गया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




