सक्ती वेदांता ब्लास्ट पर सियासत गरम: नवीन जिंदल ने अनिल अग्रवाल के खिलाफ FIR पर उठाए सवाल, ‘ड्यू प्रोसेस’ की मांग से औद्योगिक बहस तेज

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सिंहितराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट के बाद अब मामला केवल जांच और राहत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सियासी और औद्योगिक बहस का केंद्र बन गया है। इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम में अब नवीन जिंदल खुलकर अनिल अग्रवाल के समर्थन में सामने आए हैं और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
“त्रासदी दर्दनाक, लेकिन प्रक्रिया भी जरूरी”
नवीन जिंदल ने बयान जारी कर कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक है और पीड़ित परिवारों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा— “कई परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया है। उन्हें उचित मुआवजा, आजीविका सहायता और निष्पक्ष व गहन जांच मिलनी चाहिए।”
FIR में नाम जोड़ने पर सवाल
जिंदल ने बिना जांच पूरी हुए अनिल अग्रवाल का नाम एफआईआर में शामिल करने पर आपत्ति जताई।
उनका कहना है— “तथ्य स्थापित होने से पहले किसी उद्योगपति का नाम एफआईआर में डालना गंभीर सवाल खड़े करता है, खासकर जब उनकी प्लांट संचालन में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।”
निजी बनाम सार्वजनिक क्षेत्र पर उठाया मुद्दा
जिंदल ने दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा— “जब किसी पीएसयू प्लांट या रेलवे में हादसा होता है, तो क्या वहां चेयरमैन का नाम लिया जाता है? अगर नहीं, तो निजी क्षेत्र के साथ अलग व्यवहार क्यों?”
‘पहले जांच, फिर कार्रवाई’ पर जोर
उन्होंने स्पष्ट किया कि— “सबसे पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय हो, उसके बाद ही कार्रवाई की जाए।”
निवेश माहौल से जोड़ा मामला
नवीन जिंदल ने इस पूरे घटनाक्रम को देश के निवेश माहौल से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे मामलों में प्रक्रिया का पालन बेहद जरूरी है, वरना निवेशकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।
“भारत के विकसित भारत विजन के लिए जरूरी है कि उद्योगों को स्थिर और भरोसेमंद वातावरण मिले।”
उद्योग संगठनों से हस्तक्षेप की अपील
उन्होंने Confederation of Indian Industry, ASSOCHAM, FICCI, PHD Chamber of Commerce and Industry और Indian Chamber of Commerce जैसे प्रमुख संगठनों से इस मुद्दे पर सामने आने की अपील की।
हादसे की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को वेदांता प्लांट में हुए बॉयलर विस्फोट में अब तक 23 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 घायल अस्पताल में उपचाररत हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खामियां और सुरक्षा में लापरवाही के संकेत मिले हैं।
इस मामले में पुलिस ने अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
बहस का नया केंद्र
नवीन जिंदल के इस बयान ने पूरे प्रकरण को नई दिशा दे दी है। अब एक तरफ जहां जिम्मेदारी तय करने की मांग तेज हो रही है, वहीं दूसरी ओर ‘ड्यू प्रोसेस’ और निष्पक्ष जांच को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बहस छिड़ गई है।




