उगाही नहीं देने पर बाइक में आग लगाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

सक्ति। उगाही के लिए धमकी देकर पैसे मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर मोटरसाइकिल में आग लगाकर नुकसान पहुंचाने वाले दो आरोपियों को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राम मंदिर रोड वार्ड क्रमांक 07 निवासी अंकित अग्रवाल (35 वर्ष) ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ दिनों पूर्व यश ठारवानी उर्फ कंचू एवं लीलाधर यादव उर्फ बाबा उसकी फोटोकॉपी दुकान पर पहुंचे और डराकर-धमकाकर उगाही के लिए पैसों की मांग की। भयवश उसने आरोपियों को एक हजार रुपये दे दिए थे। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे मांगते रहे तथा जान से मारने और आग से जला देने की धमकी भी देते रहे।
प्रार्थी ने बताया कि 30 मई को वह इलाज के लिए रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान रात में आरोपी उसके घर पहुंचे। प्रार्थी के घर पर नहीं मिलने पर आरोपियों ने उसकी होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AX 7944 में आग लगा दी, जिससे लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना सक्ती पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्री प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना से संबंधित 300 रुपये नगद भी बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी यश ठारवानी उर्फ कंचू (25 वर्ष) निवासी बुधवारी बाजार, सक्ती तथा लीलाधर यादव उर्फ बाबा (21 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 08, संतोषी मंदिर के सामने, सक्ती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में उगाही और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




