सक्ती जिला

भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ

अरुण कुमार निराला। सक्ती। नगर के हटरी धर्मशाला में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। 31 मई से 8 जून 2026 तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कलश यात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीराधारानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा


यह पावन आयोजन यजमान अनुपम तिवारी एवं श्रीमती संगीता तिवारी परिवार द्वारा कराया जा रहा है। कथा महोत्सव में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की दिव्य कथाओं का श्रवण कराया जाएगा।


महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भागवत आचार्य पंडित भोला शंकर तिवारी एवं कथा व्यास पंडित कृष्णा तिवारी महाराज के ओजस्वी एवं भक्तिमय प्रवचन रहेंगे। दोनों विद्वान कथावाचक भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं वैराग्य के अमृत संदेशों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करेंगे। पं. भोला शंकर तिवारी अपनी सरल, मधुर एवं आध्यात्मिक शैली के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं, वहीं पं. कृष्णा तिवारी महाराज अपनी प्रभावशाली वाणी एवं भागवत के गूढ़ प्रसंगों की सहज व्याख्या से श्रद्धालुओं को धर्म एवं संस्कृति से जोड़ रहे हैं।


आयोजन समिति के अनुसार 1 जून को वेदी पूजन, गौकर्ण-धुंधकारी चरित्र एवं कथा प्रारंभ, 2 जून को कपिल अवतार, शिव-सती चरित्र एवं ध्रुव चरित्र, 3 जून को जड़भरत चरित्र, अजामिल चरित्र एवं नरसिंह अवतार, 4 जून को गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार तथा भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण प्राकट्य, 5 जून को बाल लीलाएं, माखन चोरी एवं गोवर्धन पूजा, 6 जून को महारास, कंसवध एवं रुक्मिणी विवाह तथा 7 जून को स्यमंतक कथा, सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष के प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।


महोत्सव के अंतिम दिवस 8 जून को तुलसी वर्षा, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा एवं विशाल महाप्रसाद का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।


आयोजक परिवार ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने एवं भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समस्त तिवारी एवं बाजपेयी परिवार सहित अनेक श्रद्धालु सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।


कथा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है तथा श्रद्धालुओं में कथा श्रवण को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button